BOL PANIPAT : आई.बी. (पीजी) कॉलेज के रसायन विज्ञान विभाग में आज प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों के लिए “एटॉमिक प्रॉपर्टीज़ पर इंटरैक्टिव क्लास प्रेज़ेंटेशन” का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रस्तुतीकरण कौशल, विषयगत समझ और सहभागिता को बढ़ावा देना था। कार्यक्रम का सफल समन्वयन अन्नू द्वारा किया गया, जिन्होंने पूरे सत्र को सुव्यवस्थित रूप से संचालित किया। कार्यक्रम में सभी विद्यार्थियों की उपस्थिति अनिवार्य रखी गई थी। प्रत्येक छात्र को निर्धारित समय स्लॉट प्रदान किया गया, जिसके अंतर्गत उन्होंने एटॉमिक प्रॉपर्टीज़ से संबंधित विषयों पर अपने प्रस्तुतीकरण प्रस्तुत किए। विभाग द्वारा पूर्व में जारी दिशा-निर्देशों के अनुसार विद्यार्थियों को समय सीमा का पालन करने, अनुशासन बनाए रखने तथा पूरे सत्र के दौरान उपस्थित रहने के निर्देश दिए गए थे। कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने कार्यक्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि “शैक्षणिक गुणवत्ता बढ़ाने के लिए इस प्रकार की गतिविधियाँ अत्यंत महत्वपूर्ण हैं। विद्यार्थियों ने जिस गंभीरता और उत्साह से भाग लिया, वह सराहनीय है। विभाग द्वारा किया गया यह प्रयास प्रशंसनीय है।” रसायन विज्ञान विभागाध्यक्ष एवं संयोजक डॉ. विक्रम कुमार ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि “ऐसी प्रस्तुति गतिविधियाँ विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण, आत्मविश्वास और विषय की गहरी समझ विकसित करती हैं। एटॉमिक प्रॉपर्टीज़ जैसे मूलभूत विषयों पर विद्यार्थियों की पकड़ देखकर प्रसन्नता हुई। प्रतिभागियों में से सर्वश्रेष्ठ तीन को रचनात्मकता, वैज्ञानिक प्रासंगिकता और प्रस्तुति कौशल के आधार पर प्रमाणपत्र प्रदान किए गए। बी.एससी. प्रथम वर्ष की देशना जैन ने प्रथम स्थान, खुशबू ने द्वितीय स्थान और प्रिया कुमारी ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। यह प्रस्तुति गतिविधि विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण शैक्षणिक अनुभव साबित हुई, जिसने न केवल उनकी विषयगत समझ को सुदृढ़ किया बल्कि प्रस्तुतीकरण कौशल को भी निखारा। Share this… Whatsapp Facebook Twitter