बात करने के बहाने मोबाइल फोन मांग कर गूगल पे से पैसे ट्रांसफर करने वाला आरोपी गिरफ्तार. 3900 रूपये बरामद.
BOL PANIPAT : 27 फरवरी 2024,थाना माडल टाउन पुलिस ने बात करने के बहाने जानकार दुकानदार से उसका मोबाइल फोन लेकर धोखाधड़ी से पैसे ट्रांसफर करने वाले आरोपी को सोमवार देर शाम गिरफ्तार। आरोपी की पहचान सागर निवासी बतरा कॉलोनी के रूप में हुई। आरोपी पहले दुकानदार के पास काम करता था।
थाना माडल टाउन प्रभारी इंस्पेक्टर रेखा ने बताया कि पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह शेखावत को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में मतलौडा निवासी केशव गर्ग पुत्र राजकुमार ने शिकायत देकर बताया था कि उसने असंध रोड पर बाला जी अस्पताल के नजदीक प्लाई बोर्ड व हार्डवेयर की दुकान की हुई है। दुकान पर बतरा कॉलोनी का सागर 5/6 महीने काम करने के बाद छोड़ कर चला गया था। 21 दिसम्बर को सागर दुकान पर उसके पास आया और किसी के बात करने के लिए फोन मांगा। उसने सागर को अपना मोबाइल फोन दे दिया। इसी दौरान वह अन्य काम में व्यस्त हो गया तभी सागर ने यूपीआई पर फोन से 40 हजार रूपये गूगल पे के माध्यम से कोटक महिंद्रा बैंक के खाते में ट्रांसफर कर लिए और मोबाइल फोन रखकर चला गया। कुछ समय बाद उसने मोबाइल चेक किया तो पैसे ट्रांसफर होने बारे पता चला। उसने डिटेल चेक की तो 1 दिसम्बर 2023 को भी कोटक महिंद्रा बैंक के खाता में गूगल पे के माध्यम से 4 हजार रूपये ट्रांसफर हुए मिले। आरोपी सागर ने धोखाधड़ी कर 44 हजार रूपये हड़प लिए। थाना माडल टाउन पुसिल ने जांच के पश्चात केशव की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ के प्रयास शुरू कर दिए थे।
इंस्पेक्टर रेखा ने बताया कि पुलिस ने सोमवार देर शाम आरोपी सागर को गिरफ्तार कर पूछताछ की। आरोपी ने धोखाधड़ी से उक्त पैसे ट्रांसफर करने की वारदात को अंजाम देने बारे स्वीकारा। आरोपी ने ठगी गई राशि में से ज्यादातर पैसे खाने पीने में खर्च कर दिए। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से बचे 3900 रूपये बरामद कर पूछताछ के बाद मंगलवार को आरोपी सागर को माननीय न्यायालय में पेश किया जहा से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेजा गया।

Comments