बहते नारियल को पकड़ने के चक्कर में पैर फिसलने से युवक नहर में डूबा
BOL PANIPAT : बिंझौल के समीप पश्चिमी यमुना नहर के पानी में बह रहे नारियल को निकालने की कोशिश करते समय पैर फिसलने से एक युवक नहर में गिर गया और पानी में बह गया । युवक के भाई ने तुरंत पुलिस को मामले की सूचना दी।
सूचना मिलते ही 8 मरला चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। गोताखोरों की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। गोताखोरों की टीम ने करीब एक घंटे तक युवक को नहर में तलाशने की कोशिश की, मगर उन्हें कामयाबी नहीं मिली। गोताखोरों की टीम आज सुबह से फिर युवक को नहर में तलाश रही है। जानकारी देते हुए डूबने वाले युवक कुमोद के भाई सुमोद ने बताया कि वह मूल रुप से गांव चमथा जिला बेगूसराय बिहार का रहने वाला है हाल फिलहाल वह पानीपत के गांव महाराणा में रहता है । वह दिहाड़ी-मजदूरी करता है। पानीपत में उसके साथ उसका भाई व एक बहन भी रहती है। दो भाई बिहार में ही रहते हैं। कुमोद (25) शादीशुदा था। वह एक बेटा और एक बेटी का पिता था। वह दिहाड़ी मजदूरी कर अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। शुक्रवार शाम करीब साढ़े 4 बजे दोनों भाई अपने जीजा दीपक के साथ बिंझौल नहर किनारे आए हुए थे। इसी दौरान कुमोद को नहर में बहते हुए दो नारियल दिखे, जिन्हें वह निकालने लगा। उसने एक नारियल नहर किनारे से किसी तरह पानी से निकाल लिया था। दूसरा नारियल निकालने लगा तो उसका पैर फिसल गया। सुमोद ने कुमोद के नहर में डूबे जाने की सूचना परिजनों को दी, परिजन भी मौके पर पहुंचे। परिजनों में उसकी पत्नी, बच्चे, बहन और भाभी नहर किनारे आए थे। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था।

Comments