यातायात पुलिस ने जीटी रोड़ टोल प्लाजा पर 100 से अधिक वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाकर वाहन चालकों को किया जागरूक
-धुंध के दौरान वाहन चलाते समय बरते विशेष सावधानी
-पुलिस की वाहन चालको से अपील अपने वाहनों के आगे और पीछे रिफ्लेक्टर टेप अवश्य लगाएं
BOL PANIPAT , 04 जनवरी : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के कुशल नेतृत्व में जिला यातायात पुलिस धुंध में होने वाली सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पर्यासरत है। इसी कड़ी में यातायात थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल की टीम ने रविवार को जीटी रोड़ टोल प्लाजा पर 100 से अधिक वाहनों पर रिफ्लेक्टर टेप लगाकर वाहन चालकों को जागरूक किया।
यातायात थाना प्रभारी सब इंस्पेक्टर अनिल ने बताया कि धुंध व कोहरे के मौसम में सड़क हादसों का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में यह रिफ्लेक्टिर टेप अंधेरे या कोहरे में भी चमककर वाहन चालकों को सावधान करने का काम करेगी। यह कदम न केवल ट्रैफिक प्रबंधन को सुदृढ़ करेगा बल्कि नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में एक ठोस प्रयास भी है।
पानीपत पुलिस ने सभी वाहन चालकों से अपील की है कि वे अपने वाहनों के आगे और पीछे रिफ्लेक्टर टेप अवश्य लगाएं। यह एक छोटी लेकिन बेहद जरूरी सावधानी है जो सड़क हादसों को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। साथ ही चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करें, ओवरस्पीडिंग व ओवरटेकिंग से बचें और धुंध के मौसम में हेडलाइट्स का सही उपयोग करें।
धुंध के दौरान वाहन चलाते समय निम्न बातों का रखें ध्यान :
– वाहनों के बीच उचित दूरी बनाए रखें
– गाड़ी चलाते समय इंडिकेटर को भी ऑन रखें ताकि दूसरे वाहन को भी आपके वाहन का पता चल सके
– कोहरे के दौरान यात्रा करते समय वाहन चालक लो-बीम हेड लाइट का इस्तेमाल करें, धुंध में हाई-बीम हेड लाईट कारगर नहीं होती है। यदि कोहरे के कारण विजिबिलिटी कम हो जाती है तो ऐसी स्थिति में फॉग लाइट का उपयोग अवश्य करें
-विजिबिलिटी बेहद खराब होने की स्थिति में वाहन चालक सड़क पर पेंट की गई लाइन को गाइड के रूप में उपयोग करते हुए वाहन चलाएं
– धुंध के दौरान गाड़ियों की गति सीमा नियंत्रित रखें, मोबाइल फोन, म्यूजिक सिस्टम का उपयोग करने से बचें
– घना कोहरा होने पर सुरक्षित स्थान पर वाहन को रोककर धुंध कम होने तक प्रतीक्षा करें
– बाहर की आवाज का ध्यान रखने के लिए वाहनों के शीशे थोड़ा नीचे रखें
– इमरजेंसी स्टाप होने पर, जहां तक संभव हो सड़क से नीचे वाहन को उतारें
– ओवरटेकिंग नहीं करने के अतिरिक्त लेन बदलने, फ्री-वे और व्यस्त सड़कों पर वाहन रोकने से बचें

Comments