दुकान में घुसकर मारपीट व नगदी चोरी का तीसरा आरोपी गिरफ्तार
BOL PANIPAT , 17 जनवरी : थाना इसराना पुलिस ने गांव इसराना में 9 दिसंबर की रात किराना दुकान में घुसकर मारपीट व गल्ले से नगदी चोरी की वारदात में शामिल तीसरे आरोपी को गिरफ्तार किया। आरोपी की पहचान इसराना निवासी अमित उर्फ मीता के रूप में हुई है।
थाना इसराना प्रभारी सब इंस्पेक्टर महिपाल ने बताया कि आरोपी अमित उर्फ मीता को पकड़ने के लिए थाना इसराना पुलिस की टीम आरोपी के संभावित ठिकानो पर दबिश दे रही थी। पुलिस पकड़ से बचने के लिए आरोपी अमित ठीकाने बदल बदल कर छुपकर रह रहा था। शुक्रवार का सायं मिली गुप्त सूचना पर दबिश देकर पुलिस ने आरोपी को बिजावा मोड़ से गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके अपने दो साथी आरोपियों इसराना निवासी ओमबीर व अनिल उर्फ प्राण व फरार के एक अन्य साथी आरोपी के साथ मिलकर उक्त वारदात को अंजाम देना स्वीकारा।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त एक डंडा बरामद कर शनिवार को पूछताछ के बाद आरोपी अमित उर्फ मीता को माननीय न्यायालय में पेश किया जहां से उसे न्यायिक हिरासत जेल भेज दिया।
प्रभारी सब इंस्पेक्टर महिपाल ने बताया कि मामले में पहले गिरफ्तार हो चुके आरोपी ओमबीर व अनिल उर्फ प्राण के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त लोहे की पाइप (दड़ी) बरामद कर दोनों आरोपियों को पूछताछ के बाद माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेजा जा चुका है।
यह है मामला:
थाना इसराना में इसराना गांव निवासी गीता पत्नी धर्मपाल ने पुलिस को दी शिकायत में बताया था कि उनकी घर में आगे की तरफ परचून की दुकान है। 9 दिसंबर की रात वह और परिवार के अन्य सदस्य घर में सो रहे थे। रात करीब 2:30 बजे बाहर से आवाज सुनाई दी कुछ व्यक्ति दूकान के शटर को जोर जोर से पीट रहे थे, और कह रहे थे कि बाहर कोई आदमी मरा हुआ है। बेटे साहिल ने जैसे ही शटर उपर किया तभी अमित पुत्र प्रेम अपने साथ चार-पांच व्यक्तियों को लेकर अंदर आया और सभी ने मिलकर साहिल पर डंडे व नुकीले हथियार से हमला कर दिया। पति धर्मपाल ने छुड़ाने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उसके सिर पर रॉड मारी। इसके बाद बेटे संदीप को भी डंडों व रॉड से चोट मारी और गल्ले में रखी करीब 2 लाख रूपए चोरी कर लिए। सभी आरोपी चोट मारकर जान से मारने की धमकी देकर बोलेरो केंपर गाड़ी में सवार हो फरार हो गए। आरोपियों ने उनके उपर गाड़ी चढाने का भी प्रयास किया। थाना इसराना में गीता की शिकायत पर अभियोग दर्ज कर पुलिस ने आरोपियों की धरपकड़ शुरू कर दी थी।

Comments