ऑनलाइन नेशनल लेवल आर्टिकल राइटिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया।
BOL PANIPAT : आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज, पानीपत के वाणिज्य एवं प्रबंधन विभाग द्वारा ऑनलाइन नेशनल लेवल आर्टिकल राइटिंग प्रतियोगिता का सफल आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में देशभर के विभिन्न कॉलेजों एवं विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर अपनी लेखन क्षमता और रचनात्मक प्रतिभा का प्रभावशाली प्रदर्शन किया।

प्रतियोगिता के लिए दो प्रमुख विषय निर्धारित किए गए थे— “बिजनेस मैनेजमेंट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस की भूमिका” तथा “भारत में स्टार्टअप्स का एक दशक”। इस प्रतियोगिता में कुल 26 विद्यार्थियों ने भाग लिया। इन विषयों के माध्यम से विद्यार्थियों ने आधुनिक तकनीक, नवाचार और देश की आर्थिक प्रगति से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर अपने विचार प्रस्तुत किए। प्रतिभागियों ने अपने लेखों में बताया कि किस प्रकार आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आज के समय में बिजनेस प्रबंधन को अधिक प्रभावी, तेज और स्मार्ट बना रही है, वहीं स्टार्टअप संस्कृति देश के युवाओं के लिए नए अवसरों का सृजन कर रही है।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह ने इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उनके आत्मविश्वास और अभिव्यक्ति क्षमता को सुदृढ़ बनाती हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को अपनी रचनात्मक सोच और नवीन विचारों को अभिव्यक्त करने का मंच प्रदान करते हैं, जिससे उनके सर्वांगीण विकास को बढ़ावा मिलता है।
विभागाध्यक्ष डॉ. सुनित शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि लेखन केवल शब्दों का समूह नहीं, बल्कि विचारों की अभिव्यक्ति का सशक्त माध्यम है। इस प्रकार की प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों की रचनात्मकता को विकसित करने के साथ-साथ उनके बौद्धिक विकास को भी प्रोत्साहित करती हैं। उन्होंने कहा कि डिजिटल युग में लेखन कौशल अत्यंत महत्वपूर्ण हो गया है, जो विद्यार्थियों को अपने विचारों को प्रभावी और सारगर्भित ढंग से प्रस्तुत करने में सक्षम बनाता है।

प्रतियोगिता के परिणामों की घोषणा करते हुए बताया गया कि स्नेहा (गवर्नमेंट गर्ल्स कॉलेज, सोनीपत) ने प्रथम स्थान, सुमित आनंद (आई.बी. (पी.जी.) कॉलेज, पानीपत) ने द्वितीय स्थान तथा खुशबू (जी.वी.एम. गर्ल्स कॉलेज, सोनीपत) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
निर्णायक मंडल की भूमिका सहायक प्रो. अजय पाल सिंह, माधवी, डॉ. ज्योति गहलोत, सहायक प्रो. साक्षी, करुणा तथा आंचल ने निभाई।

Comments