नशे के खिलाफ पानीपत पुलिस का जनजागरण अभियान, बाबरपुर स्कूल में विद्यार्थियों और गांव में घर-घर जाकर लोगों को किया जागरूक
BOL PANIPAT, 24 जुलाई : पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह आईपीएस के निर्देशन व मार्गदर्शन में पानीपत पुलिस ने शुक्रवार को गांव बाबरपुर में नशा विरोधी जनजागरण अभियान चलाया। अभियान के तहत पुलिस टीम ने राजकीय उच्च विद्यालय बाबरपुर में विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी और इसके बाद गांव में डोर-टू-डोर जाकर लोगों को नशे के खिलाफ जागरूक किया।
पुलिस टीम ने इस दौरान विद्यार्थियों को बताया कि नशा जीवन, परिवार और भविष्य तीनों को बर्बाद कर देता है। उन्होंने युवाओं से नशे से दूर रहने, पढ़ाई पर ध्यान देने तथा अपने साथियों को भी नशे से बचाने का आह्वान किया। विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि कि नशा करने से व्यक्ति का स्वास्थ्य तो बिगड़ता ही है, साथ ही उसका सामाजिक जीवन, शिक्षा और भविष्य भी प्रभावित होता है। इस दौरान विद्यार्थियों को शपथ दिलाई गई कि वे स्वयं नशे से दूर रहेंगे और दूसरों को भी इसके खिलाफ जागरूक करेंगे।
इसके बाद पुलिस टीम ने गांव में घर-घर जाकर ग्रामीणों से संवाद किया। लोगों को समझाया कि नशे की रोकथाम केवल पुलिस नहीं, बल्कि समाज की भागीदारी से ही संभव है। अभिभावकों से अपने बच्चों की गतिविधियों पर नजर रखने और उन्हें नशे से दूर रखने की अपील की गई।
अभियान के जिला नोडल अधिकारी उप पुलिस अधीक्षक प्रणय कुमार ने कहा कि युवाओं को नशे की गिरफ्त से बचाना पानीपत पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से जिलेभर में लगातार जागरूकता अभियान चलाकर विद्यार्थियों, युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों से अवगत कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त समाज का निर्माण तभी संभव है, जब युवा स्वयं नशे से दूर रहें और दूसरों को भी इसके प्रति जागरूक करें।
उन्होंने विद्यार्थियों को आह्वान किया कि वे नशे जैसी बुराई से हमेशा दूर रहें तथा अपनी ऊर्जा पढ़ाई, खेलकूद और सकारात्मक गतिविधियों में लगाकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाएं। साथ ही आमजन से अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं नशीले पदार्थों की बिक्री हो रही है या कोई व्यक्ति नशे का आदी है अथवा युवाओं को नशे की ओर धकेल रहा है, तो इसकी सूचना तुरंत जिला पुलिस या नेशनल नारकोटिक्स हेल्पलाइन MANAS-1933 पर दें। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।

Comments