प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
BOL PANIPAT : आई.बी.(पी.जी.) कॉलेज, पानीपत में बी.ए. एवं बी.ए. ऑनर्स प्रथम वर्ष के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया । कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, विभिन्न सुविधाओं, छात्र हितैषी प्रकोष्ठों एवं अन्य गतिविधियों से अवगत कराना था ।कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. सतवीर सिंह के प्रेरणादायक संबोधन से हुआ । उन्होंने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का महाविद्यालय परिवार में स्वागत करते हुए उन्हें जीवन के इस नए शैक्षणिक चरण के लिए शुभकामनाएं दी । उन्होंने विद्यार्थियों को अनुशासित एवं एकाग्रचित रहने तथा महाविद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय रूप से भाग लेने की सलाह दी । कार्यक्रम के दौरान परीक्षा नियंत्रक डॉ. पूनम मदान, टाइम-टेबल प्रभारी कनक, प्लेसमेंट सेल की संयोजिका डॉ. अर्पणा गर्ग, सांस्कृतिक गतिविधियों की संयोजिका डॉ. किरण मदन तथा खेल प्रभारी डॉ. राजेश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित किया । उन्होंने अपने-अपने विभागों एवं जिम्मेदारियों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी विद्यार्थियों को प्रदान की । कौशल विकास केंद्र एवं इंटर्नशिप सेल के बारे में भी विद्यार्थियों को जानकारी दी गई । खुशबू और डॉ. नरवीर ने एन.एस.एस. एवं एन.सी.सी. के बारे में बताया तथा दोनों संगठनों के उद्देश्यों और गतिविधियों से विद्यार्थियों को अवगत कराया ।कार्यक्रम की मंच संचालिका डॉ. स्वाति पुनिया ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय के पुस्तकालय एवं उसमें उपलब्ध अध्ययन संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित किया । उप प्राचार्या डॉ. शशि प्रभा मलिक, डॉ. नीलम, डॉ. सुनीता, डॉ. निधि, डॉ. शर्मिला, डॉ. जोगेश, डॉ. नेहा पुनिया, एवं डॉ. अंजलि सहित कला संकाय के अन्य शिक्षकगण भी इस अवसर पर उपस्थित रहे ।

Comments