आर्य सनातकोत्तर महाविद्यालय में राष्ट्रीय मतदाता दिवस पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
–जागरूक मतदाता, मजबूत लोकतंत्र: वीरेंद्र शिंगला
BOL PANIPAT : आर्य पी.जी. कॉलेज एनएसएस इकाई द्वारा राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन करवाया गया I जिसमें मुख्य वक्ता के रूप में अमित सिंगरोहा, सहायक प्रोफेसर, राजनीति विज्ञान विभाग उपस्थित रहे।
अमित सिंगरोहा ने बताया कि राष्ट्रीय मतदाता दिवस पूरे भारत में 25 जनवरी को वर्ष 2011 से मनाया जाता है। इस दिवस को मनाने का मुख्य उद्देश्य देश के युवाओं में मतदान के प्रति जागरूकता फैलाना है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को निष्पक्ष और विवेकपूर्ण ढंग से अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। वोट एक ऐसा सशक्त हथियार है, जिसके माध्यम से हम देश के बेहतर भविष्य के निर्माण में अपना योगदान दे सकते हैं।
इस अवसर पर महाविद्यालय की प्रबंधन समिति के उप-प्रधान वीरेंद्र शिंगला ने अपने सम्बोधन में कहा कि “मतदाता जागरूकता से भ्रष्टाचार पर नियंत्रण और सुशासन को बढ़ावा मिलता है।” उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती में प्रत्येक नागरिक की सक्रिय भागीदारी अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर कॉलेज प्राचार्य प्रो. (डॉ.) जगदीश गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति जागरूकता का विकास होता है तथा ऐसे कार्यक्रमों का नियमित रूप से आयोजन किया जाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि मतदान केवल एक अधिकार नहीं, बल्कि प्रत्येक जागरूक नागरिक का कर्तव्य भी है। युवाओं की सक्रिय भागीदारी से ही लोकतंत्र सशक्त बनता है। उन्होंने विद्यार्थियों से आग्रह किया कि वे स्वयं मतदान करें और अपने परिवार व समाज को भी मतदान के लिए प्रेरित करें।
एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी आस्था गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि मतदान एक संवैधानिक अधिकार है और 18 वर्ष से अधिक आयु के प्रत्येक छात्र को अपना वोटर आईडी बनवाने के लिए प्रेरित किया जाना चाहिए। वहीं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी डॉ. मनीषा दुडेजा ने बताया कि इस अवसर पर विद्यार्थियों को निष्पक्ष, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ मतदान करने की शपथ भी दिलाई गई।
एनएसएस समन्वयक पंकज चौधरी ने जानकारी दी कि इस कार्यक्रम के दौरान लगभग 100 विद्यार्थियों को मतदाता शपथ दिलाई गई, जिन्होंने यह संकल्प लिया कि वे अवश्य मतदान करेंगे।
कार्यक्रम में एनएसएस स्वयंसेवकों एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और लोकतंत्र को सशक्त बनाने का संकल्प लिया।

Comments