डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर हरीश कुमार वशिष्ठ ने सभी बीएलओ को दिए निर्देश, अपने निर्धारित स्थान पर रहकर प्राप्त करें मतदाताओं के आवेदन
मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी
BOL PANIPAT, 10 सितंबर। जिला में चलाए जा रहे एसआईआर अभियान को लेकर डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर हरीश कुमार वशिष्ठ ने सभी बीएलओज को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सभी बीएलओ अपने निर्धारित बूथ/कार्यस्थल पर उपस्थित रहकर ही मतदाताओं के आवेदन प्राप्त करें तथा उन्हें आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराएं।
उन्होंने कहा कि बीएलओ अपने निर्धारित स्थान पर नियमित रूप से उपलब्ध रहें, ताकि मतदाताओं को आवेदन जमा करने के लिए किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। मतदाता सूची में नाम जोडऩे, नाम संशोधित करने, स्थानांतरण अथवा अन्य आवश्यक संशोधनों से संबंधित आवेदन नियमानुसार प्राप्त कर उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि बीएलओ की उपस्थिति एवं कार्य की नियमित निगरानी की जाए। यदि किसी बीएलओ द्वारा अपने निर्धारित स्थान पर उपस्थित न रहकर कार्य में लापरवाही बरती जाती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल हो तथा किसी पात्र मतदाता को अनावश्यक परेशानी न हो, यह प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे मतदाता सूची से संबंधित अपने आवेदन निर्धारित प्रक्रिया के तहत बीएलओ के माध्यम से प्रस्तुत करें और मतदाता सूची को शुद्ध एवं अद्यतन बनाने में सहयोग करें।
डीसी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर हरीश कुमार वशिष्ठ ने कहा कि उनके संज्ञान में आया है कि कई भी बीएलओ फॉर्म 6 को ऑफलाइन नहीं ले रहे जो कि गलत है। फॉर्म 6 ऑनलाइन के साथ-साथ ऑफलाइन भी लिया जा सकता है। अगर कोई व्यक्ति अपना फार्म 6 व्यक्तिगत रूप से देना चाहता है तो उसे मना ना करें उसे ले लें। इसी तरह फार्म 7 में भी अगर कोई अन्य बूथ का व्यक्ति किसी अन्य बूथ पर ऑब्जेक्शन का आवेदन दे रहा है तो उसे मना ना करें वह भी ले लें। उन्होंने बैठक में उपस्थित सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि वे बूथों की लगातार निगरानी रखें और निरीक्षण भी करें।

Comments