Sunday, April 26, 2026
Newspaper and Magzine


समालखा में बनेंगे चार नए सेक्टर।

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at March 9, 2026 Tags: , , ,

-सेक्टर विकसित करने की योजना को लेकर करीब 500 एकड़ भूमि खरीदे जाने का प्रस्ताव।

-एसडीएम अमित कुमार व हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण के संपदा अधिकारी देवेंद्र शर्मा ने किसानों को दी जानकारी।

BOL PANIPAT : समालखा 09 मार्च–समालखा क्षेत्र में प्रस्तावित रिहायशी विकास योजना को लेकर आज लघु सचिवालय, समालखा में स्थानीय लोगों के साथ एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसडीएम अमित कुमार तथा हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (HSVP) के संपदा अधिकारी देवेंद्र शर्मा ने उपस्थित किसानों और ग्रामीणों को योजना के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी।
अधिकारियों ने बताया कि समालखा क्षेत्र में लगभग 500 एकड़ भूमि पर चार नए सेक्टर विकसित करने की योजना है। इनमें से तीन सेक्टर सार्वजनिक उपयोग (Public Use) के लिए तथा एक सेक्टर अर्द्ध-सार्वजनिक / संस्थागत उपयोग (Semi-Public / Institutional Use) के लिए प्रस्तावित किया गया है।
अधिकारियों ने जानकारी दी कि इस योजना के पहले चरण में समालखा क्षेत्र को शामिल किया गया है, जिसमें समालखा, पावटी, भापरा, जौरासी खालसा और किवाणा गांवों का क्षेत्र प्रस्तावित किया गया है। बैठक के दौरान यह भी स्पष्ट किया गया कि जिन भूमि मालिकों की जमीन अवैध कॉलोनियों के अंतर्गत आती है, वे भी इस योजना के तहत ई-भूमि पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि इस योजना के तहत भूमि मालिक 1 मार्च 2026 से 30 अप्रैल 2026 तक ई-भूमि पोर्टल पर अपनी भूमि का प्रस्ताव दर्ज करा सकते हैं। भूमि सहमति के आधार पर पोर्टल के माध्यम से खरीदी जाएगी।

लोगों को योजना के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अगला कैंप 14 मार्च को पावटी गांव में आयोजित किया जाएगा, जहां किसानों और भूमि मालिकों को योजना से संबंधित विस्तृत जानकारी दी जाएगी।

Comments