नशा व्यक्ति की सेहत और शिक्षा दोनों को पहुंचाता नुकसान: एसडीएम मनदीप कुमार
-नशा मुक्त भारत अभियान की पांचवी वर्षगांठ पर प्रशासनिक अधिकारियों ने ली शपथ
BOL PANIPAT , 18 नवंबर। केंद्र सरकार के नशा मुक्त भारत अभियान की पांचवीं वर्षगांठ के अवसर पर जिला सचिवालय में मंगलवार को आयोजित विशेष कार्यक्रम में एसडीएम मनदीप कुमार ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को नशा न करने और समाज को इसके प्रति जागरूक करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम का उद्देश्य अधिकारियों के माध्यम से आम नागरिकों तक इस जनहितकारी संदेश को पहुंचाना और एक मजबूत, स्वस्थ समाज के निर्माण के लिए सामूहिक जिम्मेदारी को रेखांकित करना था।
एसडीएम मनदीप कुमार ने कहा कि नशामुक्ति केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि नशा व्यक्ति की सेहत और शिक्षा दोनों को नुकसान पहुंचाता है, जिससे न केवल परिवार प्रभावित होता है बल्कि समाज पर भी नकारात्मक प्रभाव पड़ता है। स्वस्थ शरीर और स्पष्ट सोच के बिना कोई भी व्यक्ति अपने लक्ष्य को हासिल नहीं कर सकता, इसलिए नशे से दूरी बनाना प्रगति की पहली शर्त है।
एसडीएम ने कहा कि नशे के कारण युवाओं में ऊर्जा, प्रतिभा और समय जैसे अनमोल संसाधनों की हानि होती है। इससे परिवारों में तनाव बढ़ता है और आर्थिक स्थितियां भी प्रभावित होती हैं। ऐसे में नशे से दूर रहना एक सकारात्मक निर्णय ही नहीं, बल्कि जीवन को सही दिशा देने का संकल्प भी है।
उन्होंने कहा कि बिना नशे के जीवन में आत्मविश्वास, स्वास्थ्य और खुशहाली स्वत बढ़ती है। उन्होंने कहा कि सबको संगठित होकर नशामुक्ति के लिए कदम उठाने होंगे तभी आने वाली पीढिय़ों के लिए एक सुरक्षित और स्वस्थ वातावरण तैयार हो सकेगा। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों ने नशा मुक्त भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान का संकल्प दोहराया।

Comments