Friday, October 30, 2026
Newspaper and Magzine


आर्य पी.जी. कॉलेज की वॉलीबॉल टीम ने रचा इतिहास, इण्टर जोनल टूर्नामेंट में जीता स्वर्ण पदक

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at October 30, 2026 Tags: , , , ,

–    कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय के इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में खेला गया मुकाबला. 9 खिलाड़ियों का नॉर्थ ज़ोन इंटर-यूनिवर्सिटी कोचिंग कैंप के लिए चयन.

BOL PANIPAT – शुक्रवार 30 अक्टूबर 2026: आर्य पी.जी. कॉलेज, पानीपत की पुरुष वॉलीबॉल टीम ने अपनी खेल प्रतिभा और उत्कृष्ट प्रदर्शन के दम पर कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय, कुरुक्षेत्र द्वारा 27 से 29 अक्टूबर तक आयोजित इण्टर जोनल पुरुष वॉलीबॉल टूर्नामेंट में स्वर्ण पदक हासिल कर कॉलेज और जिले का नाम रोशन किया है।

आर्य कॉलेज प्रबन्ध समिति के उपाध्यक्ष वीरेंद्र शिंगला ने कहा कि यह हमारे कॉलेज के लिए अत्यंत गर्व का क्षण है। हमारे विद्यार्थियों ने खेल भावना और अनुशासन का अद्भुत परिचय दिया है। आर्य कॉलेज हमेशा से ही शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी श्रेष्ठता को बढ़ावा देता रहा है। हमें पूरा विश्वास है कि कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की टीम में शामिल होकर हमारे खिलाड़ी आगे भी नए कीर्तिमान स्थापित करेंगे।

प्राचार्य प्रो.डॉ. जगदीश गुप्ता ने जानकारी देते हुए बताया कि आर्य कॉलेज की टीम ने शुरुआती मैच में गुरु नानक खालसा कॉलेज, यमुनानगर को 3-0 के अंतर से हराकर लीग चरण के लिए क्वालीफाई किया। इसके बाद टीम ने अपने विजयी अभियान को जारी रखते हुए, पहले मैच में: जनता कॉलेज, कौल को 3-0 से हराया।दूसरे मैच में: दयाल सिंह कॉलेज, करनाल को 3-1 से शिकस्त दी। वहीं  फाइनल मुकाबले में एक कड़े व संघर्षपूर्ण मैच में पिछली बार की चैंपियन टीम डी.ए.वी. कॉलेज, करनाल को 3-1 से पराजित कर ऐतिहासिक खिताब अपने नाम किया। उन्होंने यह भी बताया कि टीम की इस ऐतिहासिक जीत के साथ ही कॉलेज के 9 प्रतिभावान खिलाड़ियों—अंकुर, योगेश, अभिराज राजपूत, हर्ष नागर, मृत्युंजय, रजत सिंह, उमेद सिंह, मंजीत राणा और रजनीश सिंह—का चयन कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय की संभावित टीम के कोचिंग कैंप के लिए हुआ है।

डॉ. अनुराधा सिंह (उपाचार्या) ने कहा कि “खेल जीवन में अनुशासन और नेतृत्व क्षमता का विकास करते हैं। कॉलेज की पुरुष वॉलीबॉल टीम की यह जीत अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणास्रोत बनेगी। मैं सभी विजेता खिलाड़ियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करती हूँ।

कॉलेज प्रबंधन समिति के उपाध्यक्ष वीरेंद्र शिंगला , प्राचार्य प्रो. डॉ. जगदीश गुप्ता तथा उपाचार्या डॉ. अनुराधा सिंह ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए शारीरिक शिक्षा विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. राजेश तूर्ण एवं विभाग के सभी सदस्यों को बधाई दी और खिलाड़ियों के प्रति उनके कुशल मार्गदर्शन व योगदान की सराहना की।

Comments


Leave a Reply