Friday, April 24, 2026
Newspaper and Magzine


एस.डी. पी.जी. कॉलेज पानीपत में दो दिवसीय ‘दीपावली आर्ट एंड क्राफ्ट मेला-2023’ की रंगारंग शुरुआत  

By LALIT SHARMA , in EDUCATIONAL , at November 8, 2023 Tags: , , , ,

वीरेंद्र कुमार दहिया उपायुक्त पानीपत और अजीत सिंह शेखावत एसपी पानीपत ने की विद्यार्थियों की हौंसला अफज़ाई

कॉलेज प्रबंधकारिणी ने समस्त स्टाफ सदस्यों को दी दीपावली की शुभकामनायें   

अपनी धरती और इसके पर्यावरण को हमने ही बचाना है, इसलिए प्रदुषण मुक्त दीपावली मनाये लोग: वीरेंद्र दहिया उपायुक्त पानीपत

इस दिवाली को हम सभी को अनुशासन में जीवन जीने की शपथ लेनी चाहिए: अजीत सिंह शेखावत एसपी पानीपत   

BOL PANIPAT, 08 नवम्बर.

एस.डी. पी.जी. कॉलेज पानीपत में दीपावली की पूर्व संध्या पर दो दिवसीय ‘दीपावली आर्ट एंड क्राफ्ट मेला-2023’ की रंगारंग शुरुआत हुई । वीरेंद्र कुमार दहिया उपायुक्त पानीपत और अजीत सिंह शेखावत एसपी पानीपत ने मेले में शिरकत की और विद्यार्थियों द्वारा बनाये गए एवं दीपावली के पर्व पर प्रयोग होने वाली वस्तुओं का अवलोकन किया और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया । मेहमानों का स्वागत प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने पौधा-रोपित गमलें भें करके किया ।

सांय कालीन सत्र में एस.डी. पी.जी. कॉलेज पानीपत की नव-निर्वाचित प्रबंधकारिणी के पदाधिकारियों दिनेश गोयल प्रधान, उप-प्रधान राजीव गर्ग, महेंद्र कुमार अग्रवाल और कोषाध्यक्ष विशाल गोयल ने सभी टीचिंग और नॉन-टीचिंग स्टाफ सदस्यों को दीपावली की शुभकामनायें दी और उन्हें तोहफे भेंट करके उनका सम्मान किया । तत्पश्चात प्रबंधकारिणी ने सभी स्टाफ सदस्यों के साथ जलपान और मिष्ठान ग्रहण किया । इस अवसर पर कॉलेज एन.एस.एस. यूनिट्स के स्वयंसेवकों ने प्रदुषण रहित दीपावली मनाने हेतु जागरूकता रैली निकाली । मेले में आकर्षण का केंद्र कमर्शियल आर्ट विभाग की छात्र-छात्राओं द्वारा प्रो इंदु पुनिया की अगुआई में लगाये गए स्टाल रहे जहाँ पर विद्यार्थियों द्वारा बनाये गए दिये, महान पुरुषों की पेंटिंग्स, कोलाज, ग्रीटिंग कार्डस, वंदनवार, झालर और अन्य चीजों को प्रदर्शित और इनका विक्रय किया गया जिसकी कमाई का लाभ विद्यार्थियों को दिया गया । इसके साथ गृह विज्ञान के विद्यार्थियों द्वारा गोलगप्पे, टिक्की चाट, पपड़ी, कोल्ड ड्रिंक्स, केक इत्यादि के लगाए गए स्टाल रहे जिसके ज़ायके का लुत्फ़ छात्र-छात्राओं के साथ प्राध्यापकों ने भी जमकर उठाया । मेले का थीम ‘रोशनियों का त्यौहार दिवाली: अपना हुनर दिखाए’ रहा । सम्पूर्ण कॉलेज को दीयों, मोमबत्तियों, फूलों और मालाओं से बहुत ही सुन्दर तरीके से सजाया गया और छात्राओं द्वारा बनाई गई रंग-बिरंगी रंगोलियाँ तो देखते ही बनती थी ।

वीरेंद्र कुमार दहिया उपायुक्त पानीपत ने कहा कि वायु प्रदूषण को ध्यान में रखते हुए पटाखों से दूरी बनाना ही हम सभी के लिए बेहतर है । अगर हम दूसरों को भी पटाखें न खरीदने को लेकर जागरूक कर सकते हैं तो इससे अच्छी कोई बात नहीं है. दिवाली रोशनी का त्योहार है न की शोर और प्रदुषण का । हमें बिना प्रदूषण फैलाए रोशनी के इस पर्व को मनाना चाहिए जिससे न सिर्फ हमारा मन प्रफुल्लित हो बल्कि पर्यावरण भी खुश रहे । अपनी धरती हमें ही बचानी है इसलिए हमें प्रदुषण मुक्त दीपावली मनानी होगी ।

अजीत सिंह शेखावत एसपी पानीपत ने कहा कि दीपावली त्योहार को स्वच्छता के लिए जाना जाता है । इसलिए हमें बगैर पर्यावरण को नुकसान पहुंचाए इस त्योहार को मनाना चाहिए । दिवाली के दिन काफी लोग गलत प्रवृत्तियों में लीन हो जाते हैं । इस दिवाली को हम सभी को गलत कार्यो से दूर होने की शपथ लेनी चाहिए और क़ानून-व्यवस्था को बनाए रखने की कसम लेनी चाहिए ।

दिनेश गोयल प्रधान ने कहा कि प्रत्येक समाज त्यौहारों के माध्यम से अपनी खुशी प्रकट करता है । दीपावली का ध्यान आते ही मन-मयूर नाच उठता है । यह त्यौहार दीपों का पर्व होने से हम सभी का मन आलोकित करता है । इस त्यौहार को कार्तिक माह की अमावस्या के दिन मनाया जाता है । अमावस्या की अंधेरी रात जगमग असंख्य दीपों से जगमगाने लगती है । ऐसा मानते हैं की जब भगवान श्री राम 14 वर्ष के वनवास के बाद अयोध्या लौटे थे तब इस खुशी में ही अयोध्यावासियों ने दीये जलाकर उनका स्वागत किया था । श्रीकृष्ण ने नरकासुर नामक राक्षस का वध भी इसी दिन किया था । यह दिन भगवान महावीर स्वामी का निर्वाण दिवस भी है । इन सभी कारणों से दीपावली हमारे लिए महत्वपूर्ण है ।

प्राचार्य डॉ अनुपम अरोड़ा ने कहा कि यह त्यौहार प्रत्येक इंसान के जीवन में खुशियाँ लेकर आये ऐसी उनकी कामना है । दीपावली का त्यौहार हम सभी में जीवन जीने का उत्साह प्रदान करता है । उन्होनें पर्यावरण को बचाने हेतु पटाखे न चलाने की सभी से अपील की । उन्होनें कहा कि इस पावन त्यौहार पर हमें प्रण लेना चाहिए दीपावली को पर्यावरण का ध्यान रखकर मनाएंगे ।

Comments