Friday, August 21, 2026
Newspaper and Magzine


नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम, प्राचार्य सुभाष ने कहा कॉलेज शिक्षा के साथ संस्कार और व्यक्तित्व निर्माण का भी केंद्र

By LALIT SHARMA , in DIPRO PANIPAT PRESS RELEASE , at August 21, 2026 Tags: , , , ,

महाविद्यालय की सुविधाओं और अवसरों का लाभ उठाकर विद्यार्थी सर्वांगीण विकास की ओर बढ़ें

रैगिंग-विरोधी अभियान, छात्रवृत्ति, खेल, रोजगार, एनएसएस और नई शिक्षा नीति की दी जानकारी

नवप्रवेशित विद्यार्थियों को बताया कॉलेज की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का महत्व

BOL PANIPAT , 21 अगस्त। देशबंधु गुप्ता राजकीय महाविद्यालय, सेक्टर-18 में शुक्रवार को बीए, बीकॉम, बीएससी, बीसीए एवं बीबीए के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए अभिमुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय के बहुउद्देशीय सभागार में हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को महाविद्यालय की शैक्षणिक एवं सह-शैक्षणिक गतिविधियों, विभिन्न समितियों, सुविधाओं और उपलब्ध अवसरों से परिचित कराना रहा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को महाविद्यालय के नियमों एवं अनुशासन, छात्रवृत्ति, खेल, पुस्तकालय, रैगिंग-विरोधी अभियान, शिकायत निवारण, महिला प्रकोष्ठ, राष्ट्रीय सेवा योजना, रोजगार प्रकोष्ठ, विश्वविद्यालय संबंधी कार्यों तथा नई शिक्षा नीति सहित विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों की जानकारी दी गई।

महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर सुभाष चंद्र जांगलान ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए कहा कि महाविद्यालय में प्रवेश उनके जीवन की नई शुरुआत है। उन्होंने विद्यार्थियों से नियमित रूप से कक्षाओं में उपस्थित रहने, अनुशासन का पालन करने तथा शैक्षणिक और सह-शैक्षणिक गतिविधियों में बढ़-चढकऱ भाग लेने का आह्वान किया। न्होंने कहा कि महाविद्यालय केवल डिग्री प्राप्त करने का स्थान नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में ज्ञान, संस्कार, कौशल और व्यक्तित्व निर्माण की मजबूत नींव तैयार करने वाला महत्वपूर्ण केंद्र है। विद्यार्थियों को महाविद्यालय की ओर से उपलब्ध सुविधाओं और अवसरों का अधिकतम सदुपयोग करते हुए अपने सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयास करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच के साथ लक्ष्य निर्धारित कर आगे बढऩे के लिए प्रेरित किया।

विद्यार्थियों को प्रेरित करने की जिम्मेदारी डॉ. नरसिंह जांगड़ा ने संभाली। डॉ. नरेश ढांडा ने ‘कमाते हुए सीखें’ योजना, अनुशासन, बस पास एवं भ्रमण संबंधी जानकारी दी। डॉ. सुनीता चांद ने छात्रवृत्ति एवं हेल्पिंग हार्ट परामर्श, जबकि डॉ. दलवीर देसवाल ने मतदाता पंजीकरण एवं खेलों से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी विद्यार्थियों के साथ साझा की।

इसी क्रम में डॉ. सुमित्रा विज ने रैगिंग-विरोधी अभियान एवं पुस्तकालय, डॉ. सविता नैन ने शिकायत निवारण, उपस्थिति, व्याख्यान की कमी एवं महिला प्रकोष्ठ तथा डॉ. दीप्ति गाबा ने सांस्कृतिक गतिविधियों एवं विधिक साक्षरता प्रकोष्ठ की जानकारी दी। मोनिका ने पर्यावरण क्लब एवं रेडक्रॉस, शिवम धवन ने राष्ट्रीय सेवा योजना, योगिता ने रोजगार प्रकोष्ठ तथा डॉ. विवेक ने विश्वविद्यालय कार्यों एवं नई शिक्षा नीति से संबंधित जानकारी विद्यार्थियों को प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने महाविद्यालय की विभिन्न समितियों और प्रकोष्ठों की कार्यप्रणाली तथा उनके माध्यम से मिलने वाले अवसरों के बारे में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों को महाविद्यालय की गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के साथ-साथ अनुशासन, नियमित उपस्थिति और सकारात्मक दृष्टिकोण को अपने विद्यार्थी जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया गया।

Comments


Leave a Reply